देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में होना सौभाग्य की बात

देहरादून । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में होना सौभाग्य की बात है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी विधानमंडल दल के सदस्यों के साथ परिचय कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मोदी जैसे दूरदर्शी, कुशल रणनीतिकार और विकास पुरुष की अगुआई में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पार्टीजनों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उसे केंद्र सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत ने कहा कि यदि मोदी के करिश्माई व्यक्तित्व का ही नतीजा है कि पूरा विश्व आज भारत की ओर आशाभरी निगाहों से देख रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र के साथ ही प्रदेश सरकार अच्छा कार्य कर रही हैं, लेकिन विरोधी दल तथ्यहीन तरीके से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्त्‍ताओं को जनता के बीच जाकर सरकारों की उपलब्धियों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टीजनों के साथ आत्मीयता का रिश्ता बनाकर उन्हें कार्य में लगाना चाहिए।

अध्यक्षता करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को उनके कार्यों की उपलब्धि के साथ उनके व्यवहार से भी लोकप्रियता हासिल होती है। इसलिए हमें पार्टीजनों से भी मधुर व्यवहार स्थापित करना चाहिए। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप मनाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *