जन संवाद कार्यक्रम में सामने आईं जन समस्याएँ, यूसीसी एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

जन संवाद कार्यक्रम में सामने आईं जन समस्याएँ, यूसीसी एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

रूद्रप्रयाग। विकास खण्ड अगस्त्यमुनि के दूरस्थ ग्राम मणिगुह में आज जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर की अध्यक्षता में जन संवाद एवं जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी द्वारा जनता की समस्याएँ सुनते हुए उन्हें संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें जल जीवन मिशन से जुड़ी हुई थीं। ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में पाइप लाइन बिछाने का कार्य आरंभ तो कर दिया गया था, लेकिन अब तक अधूरा ही पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है और उन्हें आज भी दूर-दराज के प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें जनता दरबार में रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से क्षेत्र में पशु स्वास्थ्य केंद्र की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति की कोई समस्या नहीं है लेकिन कई स्थानों पर बिजली की तारें पेड़ों पर झूल रही हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र इन पेड़ों की छँटाई अथवा उन्हें हटाने की माँग की। जंगली जानवरों के आतंक से भी ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने बताया कि जंगली सूअर, भालू एवं बंदरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है और बच्चों व महिलाओं का शाम होते ही घर से बाहर निकलना भी कठिन हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि आशा कार्यकर्ता लगातार गांव में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराती रहती हैं। गांव में सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सरकारी राशन की निर्बाध आपूर्ति होती है तथा इस संबंध में कोई शिकायत नहीं है। ग्रामीण त्रिभुवन सिंह नेगी ने जनपद प्रशासन एवं राज्य सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल के माध्यम से दूर दराज के गांवों की समस्याओं के समाधान में तेजी आती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का विकास होगा। कार्यक्रम में उपस्थित सहायक कृषि अधिकारी शिवराज सिंह ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे पीएम कृषि सिंचाई योजना, सुरक्षा दीवार निर्माण प्रक्रिया, सस्ती दरों पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराना, समय समय पर कृषि विभाग द्वारा लगाए जाने वाले कैंपों आदि की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की।

जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने ग्रामीणों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जाँच कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने समान नागरिक संहिता संबंधित प्रश्नोत्तरी पुस्तिका का वितरण करते हुए यूसीसी के लाभ एवं आवश्यकताएं ग्रामीणों के साथ साझा किए । उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शासन की मंशा हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है और इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी शिवराज सिंह ,कनिष्क अभियंता लोक निर्माण विभाग सतेंद्र सिंह राणा, आंगनवाड़ी मंजू नेगी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ती सुदेश राणा, ग्रामीण अरविंद भट्ट, सागर रावत, सुरेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *