कावड़ मेला : अब तक 82.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, IG गढ़वाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

कावड़ मेला : अब तक 82.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, IG गढ़वाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

 

देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक (IG), गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा पवित्र कांवड़ मेला-2026 की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालु सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए मेला क्षेत्र में तैनात समस्त पुलिस बलों एवं अधिकारियों को चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

दिनांक 30.07.2026 से प्रारंभ हुआ यह कांवड़ मेला 11.08.2026 तक संचालित रहेगा। आगामी 08 से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ एवं 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि/मुख्य जलाभिषेक पर्व के दृष्टिगत परिक्षेत्र स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

▪️ काँवड़ यात्रा शुरू होने से अभी तक हरिद्वार से 76,85,000 से अधिक व नीलकंठ से 5,72,910 से अधिक कांवड़ यात्रियों का आवागमन हो चुका है जिसमे लगभग 70,000 से अधिक वाहनों का आगमन हो चुका है।

▪️संपूर्ण मेला क्षेत्र को 22 सुपर जोन, 67 जोन एवं 200 सेक्टरों में विभाजित कर जोनल व सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की गई है।

▪️सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में नागरिक पुलिस के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बल (Paramilitary Forces), एटीएस (ATS), बीडीएस (BDS), एसडीआरएफ (SDRF) तथा जल पुलिस की विशेष टीमों को संवेदनशील स्थलों, प्रमुख घाटों एवं मंदिर परिसरों में मुस्तैद किया गया है।

▪️सुगम यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने हेतु पड़ोसी राज्यों से निरंतर संवाद व समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

▪️ट्रैफिक की रियल टाइम मॉनिटरिंग हेतु हरिद्वार में ड्रोन सर्विलांस के लिए 10 जोन बनाए गए हैं, जबकि नीलकंठ एवं ऋषिकेश क्षेत्र में 04 अतिरिक्त ड्रोन तैनात किए गए हैं।

▪️चारधाम कंट्रोल रूम (पटेल भवन)’ से 529 से अधिक CCTV कैमरों के माध्यम से 24 घंटे सतत निगरानी की जा रही है।

▪️सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं, फर्जी वीडियो एवं अफवाहों पर अंकुश लगाने हेतु विशेष साइबर कमांडो तैनात किए गए हैं।

▪️गंगा घाटों पर तैनात SDRF एवं जल पुलिस की टीमों ने अब तक 18 कांवड़ यात्रियों को डूबने से सुरक्षित रेस्क्यू किया है। साथ ही खोया-पाया सेल द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अब तक 20 गुमशुदा लोगों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया है।

▪️सुरक्षा व्यवस्था एवं विद्युत तारों के दृष्टिगत पैदल कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 06 फीट एवं झांकी की ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई है।
▪️श्रद्धालुओं के मार्ग मार्गदर्शन हेतु क्यूआर कोड जारी किए गए हैं।

अपील

कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। यात्रा के दौरान निर्धारित यातायात प्लान का ही अनुपालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *